22 मार्च 2016 - 14:04
बेल्जियम हवाई अड्डे पर 2 विस्फ़ोट, 11 की मौत कई घायल।

बेल्जियम की राजधानी ब्रसल्ज़ के अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के डिपार्चर हॉल में मंगलवार की सुबह दो धमाके हुए।

बेल्जियम की राजधानी ब्रसल्ज़ के अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के डिपार्चर हॉल में मंगलवार की सुबह दो धमाके हुए।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस धमाके में अब तक 11 लोगों के मारे जाने की खबर है। यहां से जाने वाली उड़ानों को फिलहाल रद्द कर दिया गया है। कुछ को डायवर्ट कर दिया गया है।
एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
बेल्जियम के गृह मंत्री ने बताया कि हवाई अड्डे पर विस्फोटों के चलते बेल्जियम में आतंक सतर्कता का स्तर अधिकतम किया गया है।
सोशल मीडिया पर डिपार्चर हॉल से उठते धुंए के कई चित्र डाले गये हैं और उनमें देखा जा सकता है कि हॉल की समस्त खिड़कियों के शीशे धमाके के कारण टूट गये हैं। ट्वीटर पर डाले गये एक वीडियो में यात्रियों को कैरीडोर से बच कर भागते हुए भी देखा गया है।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, हवाई अड्डे के डिपार्चर हॉल में बहुत से घायलों को देखा गया है। सूत्रों का कहना है कि एयरपोर्ट की ओर जाने वाली समस्त ट्रेनों को रोक दिया गया है जबकि प्रत्यक्षदर्शियों ने दो भीषण धमाकों की आवाज़ें सुनी हैं। सूत्रों का कहना है कि इस बात की जांच चल रही है कि हमला कहीं आतंकी तो नहीं था, हालांकि एयरपोर्ट पर मौजूद अधिकारियों ने आतंकी हमलों की पुष्टि नहीं की है।
ज्ञात रहे कि अभी चार ही दिन पहले ब्रसल्ज़ में पेरिस हमलों का मास्टर माइंड सलाह अब्दुस्सलाम गिरफ़्तार हुआ था। पेरिस हमलों में 130 लोग मारे गये थे।